ओडिशा को मिला 11.5 अरब डॉलर का बड़ा निवेश

  • Jul 02, 2026
Khabar East:115-Billion-Adani-IHC-Project-To-Position-Odisha-As-Global-Aluminium-Supply-Hub
भुवनेश्वर,02 जुलाईः

ओडिशा में प्रस्तावित 1.08 लाख करोड़ रुपये (11.5 अरब डॉलर) की एकीकृत ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम परियोजना राज्य के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रस्ताव बनने जा रही है। यह परियोजना अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) और अबू धाबी स्थित इंटरनेशनल रिसोर्सेज होल्डिंग (IRH), जो आईएचसी ग्रुप की कंपनी है, के बीच 50:50 संयुक्त उद्यम (JV) के तहत विकसित की जाएगी। इसे भारत के धातुकर्म (मेटलर्जी) क्षेत्र का सबसे बड़ा एफडीआई निवेश भी बताया जा रहा है। यह ग्रीनफील्ड परियोजना दो चरणों में विकसित होगी। पहले चरण में 66,000 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 44,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस परियोजना से लगभग 53,500 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है और इससे ओडिशा को वैश्विक एल्युमिनियम विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

 मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि आज ओडिशा ने वैश्विक एल्युमिनियम आपूर्ति श्रृंखला में प्रवेश किया है। धातु और खनिज आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुके राज्य के लिए यह निवेश एल्युमिनियम और वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे खनन, रिफाइनिंग, स्मेल्टिंग और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी एल्युमिनियम वैल्यू चेन ओडिशा में विकसित होगी और राज्य में अधिक मूल्य संवर्धन होगा।" परियोजना के तहत 4 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष (MMTPA) क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी, 2 MMTPA एल्युमिनियम स्मेल्टर, 4,000 मेगावाट का कैप्टिव पावर प्लांट तथा 1 MMTPA क्षमता का डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित किया जाएगा।

 अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (APSEZ) के प्रबंध निदेशक एवं अदाणी सीमेंट के निदेशक करण अदाणी ने कहा कि यह प्रस्तावित परियोजना ओडिशा को दीर्घकालिक विनिर्माण गंतव्य के रूप में समूह के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह, आईएचसी ग्रुप और ओडिशा सरकार मिलकर एक समग्र एल्युमिनियम इकोसिस्टम विकसित करेंगे, जिससे रोजगार बढ़ेगा, वैल्यू-एडेड मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत होगी।

 निर्माण अवधि के दौरान इस परियोजना से लगभग 35,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि खनन, एल्युमिना रिफाइनिंग, एल्युमिनियम उत्पादन और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग के संचालन से 18,500 अतिरिक्त रोजगार सृजित होंगे।

 आईएचसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैयद बसर शुएब ने कहा कि IRH के माध्यम से कंपनी ऊर्जा परिवर्तन के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में निवेश कर रही है। अदाणी एंटरप्राइजेज के साथ यह साझेदारी विश्वस्तरीय एकीकृत एल्युमिनियम परियोजना विकसित करने और दीर्घकालिक आर्थिक मूल्य सृजित करने की साझा रणनीति का हिस्सा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: