पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा में महासप्तमी की शाम हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत के बाद सरकार और पुलिस ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय ने बताया कि राज्य के चार प्रमुख शहरों कोलकाता, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर में विसर्जन प्रक्रिया की सीधी निगरानी के लिए 18 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया गया है। कोलकाता पुलिस कमिश्नरेट में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के लिए 12 आईपीएस अधिकारी तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने 24 अक्टूबर तक चलने वाली चार दिवसीय विसर्जन प्रक्रिया के लिए आईपीएस अधिकारियों की रोस्टर ड्यूटी निर्धारित की है।
उल्लेखनीय है कि 17 अक्टूबर को चोरबागान सर्वजनीन पंडाल में हुई भगदड़ में 19 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी और 25 लोग घायल हुए थे। जांच में पता चला है कि मूसलाधार बारिश के बीच ‘पंडाल ढहने’ की अफवाह के कारण अफरा-तफरी मची थी। कोलकाता पुलिस की विशेष जांच टीम ने इसकी जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।