हैदराबाद लूटकांड के आरोपी का बिहार में पुलिस एनकाउंटर

  • Mar 25, 2026
Khabar East:Accused-in-Hyderabad-Robbery-Case-Killed-in-Police-Encounter-in-Bihar
सिवान,25 मार्चः

बिहार के सिवान में एनकाउंटर में पुलिस ने दो बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के समीप मंगलवार रात की है। गोली लगने के बाद पुलिस ने दोनों को पहले सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान बड़हरिया सदरपुर निवासी रोहित शर्मा और तरवारा निवासी रोहित उर्फ रिशु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रोहित शर्मा जिले में हुई कई ज्वेलरी लूट की घटनाओं में शामिल रहा है। हैदराबाद में खजाना ज्वेलर्स लूटकांड मामले में वांछित था। हाल ही में बसंतपुर क्षेत्र में हुई लूट की घटना में भी पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।

 एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि बसंतपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अपराधी हथियारों के साथ इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो लहेजी गांव के पास बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस अभियान का नेतृत्व बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार कर रहे थे, जिनके साथ सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और संजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: