मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में गुलाबी ठंड की दस्तक

  • Oct 22, 2026
Khabar East:After-the-departure-of-monsoon-cold-wave-hits-the-state
पटना,22 अक्टूबरः

बिहार में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने अपना रूप बदल लिया है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दिन में भीनी धूप निकलने से वातावरण काफी सुहावना बन गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी एक सप्ताह में बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। आसमान साफ रहने की संभावना है और कहीं भी बारिश होने की कोई आशंका नहीं है। कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा जरूर दिखाई दे सकता है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम स्थिर और शुष्क बना रहेगा। विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश या खराब मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। किसान और आम नागरिक अगले सात दिनों तक मौसम की चिंता किए बिना अपने दैनिक कार्यों और कृषि संबंधी गतिविधियों को आसानी से अंजाम दे सकते हैं। दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर सोमालिया तट की ओर जा सकता है। हिमाचल प्रदेश और उससे सटे पंजाब के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ मध्य क्षोभमंडल में एक ट्रफ भी मौजूद है।

 राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में यह 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसमें फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: