एक ही साड़ी के दो फंदों से लटके मिले युवक और विवाहिता के शव

  • Nov 01, 2026
Khabar East:Bodies-of-a-young-man-and-a-married-woman-found-hanging-from-two-loops-of-the-same-sari
बोकारो,01 नवंबरः

बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड जंगल में एक पेड़ से युवक और विवाहिता का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव एक ही साड़ी के दोनों छोर से बने फंदे से लटके हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों की पहचान पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के धवैया गांव निवासी लालधन मरांडी के अविवाहित पुत्र महादेव मरांडी और गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत किनिकिरो गांव निवासी मालती देवी के रूप में हुई है। मालती देवी की शादी गणेश मरांडी से हुई थी। बताया जाता है कि मालती देवी सोमवार को अपने ससुराल से निकली थी। इसके बाद वह कहां गई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी। इधर, डुमरिया टांड जंगल में दोनों के शव मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, दोनों शवों से तेज दुर्गंध आ रही थी।

  पुलिस ने प्रारंभिक अनुमान के आधार पर शवों के चार से पांच दिन पुराने होने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटनास्थल से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: