जिले के राधानगर पंचायत के पास लावाटांड़ में रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने तीनों शवों को बरामद किया। घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग नौ किलोमीटर दूर स्थित रेलवे ट्रैक की है।
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी, बोकारो पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों में से दो युवकों की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर बबलू सोरेन और दीपक सोरेन के रूप में हुई है। बबलू सोरेन, सूरजलाल सोरेन का बेटा और गोमिया प्रखंड के मडवाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव का निवासी बताया गया है।
जबकि दूसरे युवक का नाम दीपक सोरेन बताया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवक ट्रेन की चपेट में आए हैं, हालांकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है अन्य एक मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।