कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चला बुलडोजर

  • Nov 12, 2026
Khabar East:Bulldozer-rolls-up-outside-Abhishek-Banerjees-house-in-Kalighat
कोलकाता,12 नवंबरः

कोलकाता के कालीघाट में गुरुवार सुबह अचानक हलचल तेज हो गई। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर बुलडोजर पहुंचा तो इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। कोलकाता नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में फुटपाथ पर बने बांस और टिन के अस्थायी शेड को तोड़ दिया। घर के बाहर लगा अतिरिक्त लोहे का गेट भी हटाया गया। इस कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ कहा कि हजारों बुलडोजर भी उनकी आवाज और संकल्प को दबा नहीं सकते। गुरुवार सुबह कालीघाट के पटुआपाड़ा स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास संख्या 121 के बाहर कोलकाता नगर निगम के कर्मचारियों की आवाजाही शुरू हो गई। कुछ ही देर में बुलडोजर और निगम के कई वाहन वहां पहुंच गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने फुटपाथ पर बने अस्थायी ढांचे को हटाने का काम शुरू किया। सबसे पहले बांस और टिन से बने शेड को बुलडोजर से तोड़ा गया। इसके बाद वहां मौजूद निर्माण सामग्री हटाई गई। घर की बाहरी दीवार के पास फुटपाथ पर लगा अतिरिक्त लोहे का गेट भी आयरन कटर से काटकर हटाया गया।

  आरोप था कि इस गेट की वजह से फुटपाथ का एक हिस्सा घिर गया था। कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कालीघाट थाने के अलावा दूसरे थानों के पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे। कमांडो फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) और केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया था। अभिषेक के घर के सामने और पीछे की सड़कों पर पुलिस की निगरानी रही। नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग समेत कई विभागों के कर्मचारी तय समय पर पहुंचे और शेड हटाने का काम पूरा कराया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: