संवेदनशील छठ घाटों पर तैनात रहेगी एनडीआरएफ की टीम

  • Nov 12, 2026
Khabar East:NDRF-teams-will-be-deployed-at-sensitive-Chhath-ghats
रांची,12 नवंबरः

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां जोरों पर हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की टीम लगातार छठ घाटों का निरीक्षण कर रही है। इस बार छठ महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री खुद विभिन्न छठ घाटों का जायजा ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की मौजूदा स्थिति, साफ-सफाई, पानी की गहराई और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। साथ ही छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। इस बार जिला प्रशासन ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। खासकर वैसे घाट, जिन्हें दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील जोन के रूप में चिह्नित किया गया है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इन घाटों पर एनडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। इसके अलावा घाटों पर पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की जा रही है।

 निरीक्षण के दौरान घाटों पर बैरिकेडिंग की स्थिति और पानी की गहराई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है या जहां डूबने की आशंका बनी रहती है, वहां सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। घाटों के प्रवेश और निकास मार्ग, श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था और आसपास की साफ-सफाई को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: