चरोदा पीपी यार्ड पहुंची सीबीआई, रेलवे अधिकारी से पूछताछ

  • Aug 14, 2026
Khabar East:CBI-reaches-Charoda-PP-Yard-questions-railway-official
दुर्ग,14 अगस्तः

रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित चरोदा पीपी यार्ड में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के खिलाफ बिल पास करने के एवज में मोटी रकम मांगने की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात चरोदा स्थित पीपी यार्ड में दबिश दी। सीबीआई की टीम सीनियर डीएमई अनमोल उइके से पूछताछ कर रही है, साथ ही उनके कार्यालय में दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार सीनियर डीएमई अनमोल उइके के खिलाफ दिल्ली सीबीआई को शिकायत मिली थी। सीनियर डीएमई के रेलवे में कॉन्ट्रैक्टर के रनिंग बिल पास करने के एवज में मोटी रकम मांगने की शिकायत सीबीआई से की गई थी। इस शिकायत के बाद गुरुवार देर रात सीबीआई भिलाई के चरोदा पहुंची। फिलहाल अभी कार्रवाई जारी है। रेलवे कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई के 8 अधिकारियों की टीम दिल्ली और छत्तीसगढ़ पासिंग गाड़ियों में चरोदा पीपी यार्ड पहुंची है। सीबीआई के 10 से 12 सदस्य की टीम सीनियर डीएमई के ऑफिस पहुंचकर पूछताछ के साथ दस्तावेज खंगाल रही है।

 सीबीआई ने पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा हुआ है। पीपी यार्ड के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया और किसी भी रेल अधिकारी या कर्मचारी को भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। फिलहाल सीबीआई की ओर से अधिकृत जानकारी नहीं दी है टीम की जांच जारी है। आपको बता दें कि पीपी यार्ड में रेलवे वैगन के मेंटेनेंस का काम किया जाता है। यहां पहले भी इसी तरह वर्ष 2023 में कॉन्ट्रैक्टर से कमीशन लेने के आरोप में सीबीआई ने दबिश दी थी। एक बार फिर भिलाई का पीपी यार्ड सीबीआई की रडार में है। कुछ दिनों पहले भी सीबीआई ने रायपुर रेल मंडल में खेल कोटे में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ऐंठने के मामले में दबिश दी थी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: