ओडिशा के बलांगीर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 880 बोतल एस्कफ (Eskuf) कफ सिरप जब्त कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टाउन थाना क्षेत्र के स्मार्ट पार्क के पास बलांगीर-टिटलागढ़ मार्ग पर छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कटक से आ रही एक संदिग्ध एसयूवी को रोका, जिसमें अवैध वितरण के लिए कफ सिरप ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दो वाहनों में भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन एक एसयूवी को रोककर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बलांगीर के बरपाली पाड़ा और तुलसी नगर के चार निवासी तथा कटक जिले के नरसिंहपुर निवासी सुशील कुमार साहू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 880 बोतल कफ सिरप, पांच मोबाइल फोन और एक एसयूवी जब्त की है।
बलांगीर के एसडीपीओ सरोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया। सभी आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक जब्त कफ सिरप की कीमत करीब 1.97 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बिद्याधर साहू पहले भी इसी तरह के एक एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसे इस गिरोह की अहम कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस अब कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।