खेल विकास के लिए ओडिशा ने तैयार किया रोडमैप

  • Jun 07, 2026
Khabar East:Odisha-Charts-Roadmap-For-Sports-Development-At-First-Chintan-Shivir
भुवनेश्वर,07 जूनः

ओडिशा सरकार ने खेल अवसंरचना के विस्तार, प्रतिभा खोज और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी पर केंद्रित खेल विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को दी।

 भुवनेश्वर में खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रथम चिंतन शिविरके उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक, रिकॉर्ड या जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस भी सिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि इस चिंतन शिविर में होने वाले विचार-विमर्श से राज्य में खेलों के भविष्य के विकास के लिए एक सुदृढ़ ढांचा तैयार होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल विशेषज्ञ, प्रशासक और विद्वान भाग ले रहे हैं।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन चुका है और राज्य वर्ष 2028 में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप तथा एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

 उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर ब्रॉन्ज प्रतियोगिता के बाद इस वर्ष राज्य सिल्वर-स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।

 मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि गोठपटना में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर आधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियमों के निर्माण सहित जमीनी स्तर की खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।

 ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ट्रॉफीजैसी पहलों के माध्यम से खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 कार्यक्रम में खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, दिलीप तिर्की, आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पुनिया, खेल निदेशक येदुला विजय तथा अन्य खेल विशेषज्ञ और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: