ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के गड़काना इलाके में केलुचरण पार्क के पास बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को आग के हवाले कर दिया गया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उसकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह भी स्पष्ट नहीं है। शव पर जलने के गंभीर निशान पाए गए हैं। मृतक ने जो शर्ट पहन रखी थी, वह भी जली हुई अवस्था में मिली है।
पुलिस को संदेह है कि शव पिछले कुछ दिनों से घटनास्थल पर पड़ा हुआ था। जांच अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया तो नहीं गया।
इधर, पुलिस के साथ वैज्ञानिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए नमूने एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है।