पुरी में 26 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, चार गिरफ्तार

  • Nov 04, 2026
Khabar East:Puri-Police-Seize-261-Grams-Of-Brown-Sugar-Worth-Over-Rs-26-Lakh-Four-Arrested
पुरी,04 नवंबरः

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरी पुलिस ने 261 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई डेलांग थाना क्षेत्र के कुआपाड़ा स्थित बानी बक्रेश्वर मंदिर के पास छापेमारी के दौरान की।

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने के बाद डेलांग थाने की एक टीम ने मंदिर के पीछे छापेमारी की और चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।

 गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गड़िशागोदा थाना क्षेत्र के तारतुआ गांव निवासी चंदन उर्फ चंद्रशेखर बिस्वाल, डेलांग थाना क्षेत्र के घोरड़िया गांव निवासी सागर उर्फ आलोक नायक, कुआपड़ा गांव निवासी रश्मिरंजन हरिचंदन उर्फ पिंकू और पिपिली थाना क्षेत्र के सतसांखा इलाके के बेणु उर्फ सोनू उर्फ सोमनाथ धन के रूप में हुई है।

 छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 261 ग्राम ब्राउन शुगर, बिना कारतूस की एक काले रंग की पिस्तौल, एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार, एक यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल और एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। इसके अलावा छह मोबाइल फोन और 6,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

 पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुरी और अन्य जिलों के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं।

 पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी अन्य गतिविधियों में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Author Image

Khabar East

  • Tags: