तारापीठ होटल अग्निकांड में होटल मालिक गिरफ्तार

  • Aug 18, 2026
Khabar East:Hotel-owner-arrested-in-Tarapith-hotel-fire-incident
कोलकाता,18 अगस्तः

तारापीठ के अभिशप्त होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक प्रवीर कुमार पाल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे प्रवीर कुमार पाल को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इससे पहले उनके बेटे कल्याण पाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। होटल मालिक के बेटे कल्याण पाल को पहले हिरासत में लेकर काफी देर तक पूछताछ की गयी। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, घटना के बाद होटल मालिक प्रवीर कुमार पाल फरार हो गये थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी और आखिरकार मंगलवार को उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार तड़के तारापीठ के एक होटल में अचानक भीषण आग लग गयी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में नौ तीर्थयात्रियों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद से ही होटल की अग्निसुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

 तारापीठ अग्निकांड को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। होटल मालिक और उनके बेटे की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि होटल में अग्निसुरक्षा के क्या इंतजाम थे और आग लगने के बाद राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं। पुलिस की जांच में आगे और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: