ओडिशा के केंदुझर जिले में आनंदपुर बैराज के गेट निरीक्षण के लिए करीब दो घंटे तक बंद किए जाने के बाद शनिवार को बैतरणी नदी के तल में मछली पकड़ने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। इनमें पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या शामिल थी।
हाथों में मछली पकड़ने के जाल, डंडे और कई लोग नंगे हाथों से ही मछलियां पकड़ने में जुट गए। पानी का स्तर कम होते ही लोगों में मछली पकड़ने की होड़ मच गई। कुछ लोग पकड़ी गई मछलियां बेचते नजर आए, जबकि अन्य उन्हें अपने घर ले गए। यहां तक कि वहां से गुजरने वाले राहगीर भी इस मौके का फायदा उठाने के लिए मछली पकड़ने में शामिल हो गए।
जल संसाधन विभाग के सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली की एक टीम बैराज का निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी प्रक्रिया के तहत विभाग ने सुबह अस्थायी रूप से बैराज के सभी गेट बंद कर दिए।
गेट बंद होने की घोषणा करने वाला सायरन बजते ही बड़ी संख्या में लोग मछलियां पकड़ने के लिए नदी के तल में पहुंच गए। इससे पहले मंगलवार शाम को बैराज के गेट बंद करने का परीक्षण किए जाने के दौरान भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला था।
मछलियां पकड़ने का अवसर मिलने से लोगों में काफी उत्साह देखा गया, लेकिन नदी के तल में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन और वहां पहुंचने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।