बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सहियारा थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रही मुखिया की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला रविवार रात अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधी उनके घर के पास पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। जब तक परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे बढ़ते, तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इससे पहले, घटना की आवाज सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सहियारा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों ने किसी भी तरह की पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया है, जिसके कारण हत्या की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।