ओडिशा के संबलपुर जिले में रेंगाली थाना पुलिस ने एक लग्जरी कार से करीब 180 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, कार चालक रथयात्रा की भीड़ का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि बौध की ओर से एक काली लग्जरी कार में बड़ी मात्रा में गांजा तस्करी कर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रेंगाली पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक तेज रफ्तार से कार भगाकर मौके से भाग निकला।
पीछा किए जाने पर चालक संबलपुर के भीमभोई चौक के पास रथयात्रा के दौरान लगी भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए कार को एक दुकान के पास छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से सात प्लास्टिक की बोरियों में भरा 179 किलो 770 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और कार दोनों को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त गांजा कहां से लाया गया था, इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
गौरतलब है कि इससे पहले तीन जुलाई को ओडिशा क्राइम ब्रांच की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भुवनेश्वर में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बड़गड़ थाना क्षेत्र के पांडव नगर स्थित एक किराये के मकान पर छापेमारी के दौरान 50.5 किलोग्राम गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। जांच में सामने आया था कि वहां से गांजे की खेप केरल और बेंगलुरु समेत विभिन्न राज्यों में भेजी जाती थी।