पड़ोसी देश नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चुनाव के मद्देनजर दो मार्च की आधी रात से पांच मार्च की आधी रात तक दोनों देशों की सीमा पूरी तरह सील कर दी गयी है। इस दौरान ऐसी सख्त व्यवस्था की गई है कि परिंदा भी पर न मार सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच मार्च को नेपाल में प्रतिनिधि सभा का चुनाव होना है। उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। चुनाव की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेंगी। भारतीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की तैनाती रहेगी। जबकि नेपाल की ओर से सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी एपीएफ संभालेगी। चुनाव को लेकर भारत-नेपाल समन्वय बैठक पहले ही नेपाल के मोरंग जिले में आयोजित की जा चुकी है। बैठक में भारत की ओर से सीमावर्ती जिलों किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी के पदाधिकारियों ने भाग लिया था। बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि सीमा से सटे सभी मुख्य मार्गों, चेक पोस्टों और संवेदनशील इलाकों पर एसएसबी एवं स्थानीय पुलिस की सघन तैनाती की जाएगी।
इस संबंध में 45वीं वाहिनी, एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि चुनाव को लेकर पूर्व में व्यापक स्तर पर बैठक की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वाहिनी के अंतर्गत आने वाले सभी 18 बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) पूरी तरह अलर्ट पर रहेंगे। मुख्य आवाजाही वाले स्थलों पर चौकसी कड़ी कर दी गई है।