नीतीश कुमार 10वीं बार बने बिहार के मुख्यमंत्री, 26 मंत्रियों ने ली शपथ

  • Nov 20, 2025
Khabar East:Nitish-Kumar-becomes-Bihar-Chief-Minister-for-the-10th-time-26-ministers-take-oath
पटना,20 नवंबरः

बिहार में नई एनडीए सरकार का गठन हो गया है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में जनता दल (यूनाइटेड) के सर्वोच्च नेता नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नीतीश कुमार के साथ उनकी नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें बीजेपी के 14 और जदयू कोटे के 8 मंत्री शामिल हैं। 26 नए मंत्रियों में एक मुस्लिम, 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, पहली बार विधानसभा पहुंचे 3 विधायक भी मंत्री बने हैं। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

 इसके अलावा चिराग की पार्टी से संजय कुमार (पासवान), संजय सिंह ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की. उधर जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी की ओर से संतोष कुमार सुमन और दीपक प्रकाश ने भी नई सरकार के मंत्री के रूप में शपथ ली है।

 शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, गुजरात के भूपेंद्र पटेल समेत कई बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: