नुआपड़ा के समग्र विकास की जिम्मेदारी मेरी हैः सीएम माझी

  • Nov 08, 2025
Khabar East:Nuapadas-holistic-development-is-my-responsibility-CM-Mohan-Majhi
नुआपड़ा, 08 नवंबर:

नुआपड़ा विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए प्रचार का शोर रविवार को थम जाएगा। इससे पहले राजनीतिक दल मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मोहन माझी भी पार्टी उम्मीदवार को जिताने के लिए जीजान से जुट गए हैं। सीएम माझी ने शनिवार को खारियार से नुआपड़ा तक भव्य रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नुआपड़ा का समग्र विकास हमारी जिम्मेदारी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुआपड़ा के विकास की जिम्मेदारी मेरी होगी। जब मैं इस क्षेत्र के विकास की देखरेख करूंगा, तो नुआपड़ा निश्चित रूप से प्रगति करेगा। चुनाव खत्म होने के बाद सभी चले जाएंगे, लेकिन आपके लिए यहां दो लोग रहेंगे। वे दो लोग हैं - एक जय ढोलकिया और दूसरा मोहन माझी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बीजेडी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और उनकी तबकी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 24 वर्षों में बीजेडी सरकार ने आदिवासियों की उपेक्षा की है।

सीएम माझी ने भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। जय ढोलकिया बीजेडी विधायक स्वर्गीय राजेंद्र ढोलकिया के पुत्र हैं, जिनके निधन के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

 शनिवार को नुआपड़ा पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने प्रचार के अंतिम चरण से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के साथ पार्टी की रणनीति की समीक्षा की। ये सभी नेता रोड शो में भी शामिल हुए।

बतादें कि नुआपड़ा विधानसभा उपचुनाव 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इस उपचुनाव के लिए बीजेडी की ओर से स्नेहागिनी छुरिया मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए घासीराम माझी को उम्मीदवार बनाया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: