यूरेनियम समझौते पर सीएम माझी ने की पीएम मोदी की सराहना

  • Jul 10, 2026
Khabar East:Odisha-CM-Hails-PM-Modi-As-Australia-Opens-Uranium-Cooperation-With-India
भुवनेश्वर,10 जुलाईः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा के कारण ऑस्ट्रेलिया का परमाणु सहयोग को लेकर रुख 'ना' से ऐतिहासिक साझेदारी में बदल गया है।

मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में वर्ष 2010 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा भारत को यूरेनियम बेचने से इनकार किए जाने का उल्लेख करते हुए वर्तमान में दोनों देशों के बीच परमाणु ऊर्जा सहयोग के नए अध्याय की शुरुआत का स्वागत किया।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "जिस ऑस्ट्रेलिया ने 2010 में भारत को यूरेनियम बेचने से इनकार कर दिया था, वही आज भारत के साथ परमाणु ऊर्जा सहयोग का नया अध्याय शुरू कर रहा है। 'ना' से ऐतिहासिक साझेदारी तक का यह सफर भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व का परिणाम है। यह एक बार फिर साबित करता है कि 'मोदी है तो मुमकिन है।'"

 गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया अब भारत को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम की आपूर्ति शुरू करेगा। दोनों देशों के नेताओं द्वारा एक प्रशासनिक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद इस पर सहमति बनी। यह समझौता लंबे समय से परमाणु सामग्री के संभावित हथियारों में इस्तेमाल को लेकर जताई गई चिंताओं के कारण लंबित था।

 ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में हुई बैठक के बाद संयुक्त रूप से इस सहयोग की घोषणा की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: