ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने सोमवार को अंतिम मतदाता सूची-2026 प्रकाशित की, जिसमें राज्य में कुल 3,16,32,754 मतदाता दर्ज हैं।
एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर किए गए इस पुनरीक्षण के तहत 5 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। इसमें कुल 3,13,87,034 मतदाता शामिल थे। एसआईआर से पहले राज्य में 3,33,99,591 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 3,13,87,034 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि 20,12,557 प्रविष्टियों को प्रारूप सूची से बाहर रखा गया।
नोटिस चरण के दौरान सत्यापन के लिए कुल 58,36,392 नोटिस जारी किए गए। इनमें 12,98,779 अनमैप्ड मतदाता और 45,37,613 ऐसे मतदाता शामिल थे, जिनकी प्रविष्टियों में तार्किक विसंगतियां पाई गई थीं। निर्धारित अवधि के दौरान कुल 2,55,996 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा किया गया।
दावों, आपत्तियों और अन्य आवेदनों के निपटारे के बाद प्रारूप सूची में 2,90,497 मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 44,777 नाम हटाए गए। इस तरह अंतिम सूची में कुल 2,45,720 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है।
अंतिम मतदाता सूची में 1,61,30,319 पुरुष, 1,54,99,661 महिला और 2,774 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदाता केंद्रों के युक्तिकरण के बाद राज्य में अब कुल 45,250 मतदान केंद्र हैं। सीईओ कार्यालय ने मतदाताओं से अपनी सूची में दर्ज नाम और अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की है। नाम जोड़ने, विवरण में सुधार या नाम हटाने के लिए निर्धारित ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रियाओं के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
सर्विस वोटर्स के लिए भी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है, जिसमें 46,816 सर्विस मतदाता शामिल हैं।
अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक निरीक्षण मतदान केंद्रों के अलावा निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (AERO) के कार्यालयों में किया जा सकता है। यह सूची निर्वाचन आयोग और सीईओ ओडिशा की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध है।