ओडिशा में कक्षा पांच के छात्रों के लिए आयोजित होने वाली अपर प्राइमरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 की तारीख में बदलाव किया गया है। 24 सितंबर को प्रस्तावित यह परीक्षा अब तीन अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (BSE), ओडिशा ने सोमवार को यह जानकारी दी। बीएसई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अरनव’ (ARNAV) के कारण परीक्षा स्थगित की गई है। अब परीक्षा 3 अक्टूबर (शनिवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
इससे पहले बीएसई की अधिसूचना संख्या 2104 (Exam. Conf.-II), दिनांक 27 जुलाई 2026 के अनुसार परीक्षा 24 सितंबर को निर्धारित की गई थी। बीएसई ने सभी परीक्षार्थियों और संबंधित अधिकारियों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम का ध्यान रखने तथा इसके अनुसार आवश्यक तैयारियां करने की सलाह दी है।