ओडिशा में दिए गए 1.90 लाख से अधिक घरेलू पीएनजी कनेक्शन

  • Aug 04, 2026
Khabar East:Over-190L-Domestic-PNG-Connections-Provided-In-Odisha-MoS-Suresh-Gopi
भुवनेश्वर,04 अगस्तः

ओडिशा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार के तहत अब तक 1.90 लाख से अधिक घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा में यह जानकारी दी है

बीजद के राज्यसभा सांसद सस्मित पात्र के प्रश्न के लिखित उत्तर में सुरेश गोपी ने बताया कि घरेलू पीएनजी कनेक्शन, कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) स्टेशन और पाइपलाइन अवसंरचना का विकास पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) द्वारा अधिकृत कंपनियों के माध्यम से किया जा रहा है। पीएनजीआरबी ने ओडिशा के सभी जिलों को शामिल करते हुए 12 भौगोलिक क्षेत्रों (जियोग्राफिकल एरिया) में सीजीडी नेटवर्क विकसित करने की अनुमति दी है। 31 मई 2026 तक अधिकृत कंपनियों ने राज्य में 1,90,551 घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए हैं, 159 सीएनजी स्टेशन स्थापित किए हैं तथा 9,040 इंच-किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया है।

 यह प्रगति जून 2033 तक निर्धारित न्यूनतम कार्य कार्यक्रम (एमडब्ल्यूपी) के लक्ष्य की दिशा में हुई है। लक्ष्य के अनुसार राज्य में 9,09,582 घरेलू पीएनजी कनेक्शन, 247 सीएनजी स्टेशन तथा 14,320 इंच-किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया जाना है।

 जिला-वार आंकड़ों के अनुसार, घरेलू पीएनजी कनेक्शन के मामले में खोर्धा सबसे आगे है, जहां 76,911 घरों को पीएनजी से जोड़ा गया है। इसके बाद कटक में 37,996 कनेक्शन दिए गए हैं।

अन्य जिलों में सुंदरगढ़ में 15,825, बरगढ़ में 11,292, जगतसिंहपुर में 11,236, संबलपुर में 8,867, पुरी में 8,163, ढेंकानाल में 7,885, झारसुगुड़ा में 5,235, जाजपुर में 2,220 और अनुगुल में 1,166 पीएनजी कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।

गंजाम में अब तक 257 और बलांगीर में 38 पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं बालेश्वर, भद्रक, मयूरभंज, केंद्रापड़ा, केंदुझर, कोरापुट, मलकानगिर, रंगपुर, बौद्ध, गजपति, कंधमाल, सुवर्णपुर, कलाहांडी, नुआपड़ा और रायगढ़ा सहित कई जिलों में पीएनजी नेटवर्क का विकास विभिन्न चरणों में जारी है।

पिछले पांच वर्षों में ओडिशा के सीजीडी नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मार्च 2022 में जहां घरेलू पीएनजी कनेक्शनों की संख्या 60,596 थी, वहीं मार्च 2026 तक यह बढ़कर 1,84,997 हो गई।

इसी अवधि में राज्य में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 34 से बढ़कर 159 हो गई, जबकि पाइपलाइन नेटवर्क 2,990 इंच-किलोमीटर से बढ़कर 8,821 इंच-किलोमीटर तक पहुंच गया।

अवसंरचना विकास के तहत खोरधा जिले में 24 संचालित सीएनजी स्टेशन और 1,734 इंच-किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क मौजूद है, जबकि कटक में 14 सीएनजी स्टेशन और 945 इंच-किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: