जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। नीतीश कुमार और पीएम मोदी की मुलाकात उस समय हो रही है, जब बीजेपी को पटना के बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में बड़ी हार मिली है। प्रशांत किशोर ने बीजेपी का किला ढहा दिया है। नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री की मुलाकात की तस्वीर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोशल मीडिया पर जारी की है। उन्होंने इस मुलाकात पर लिखा, 'जदयू के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के साथ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से संसद भवन स्थित उनके कार्यालय में आत्मीय मुलाकात का अवसर मिला। 'इस दौरान बिहार सहित पूर्वोत्तर भारत के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस मुलाकात के दौरान संजय झा के अलावा केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद नीतीश कुमार राजसभा के सदस्य बने हैं। इन दिनों राज्यसभा का सत्र चल रहा है तो उसी में भाग लेने के लिए दिल्ली गए हुए हैं लेकिन नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात को अहम माना जा रहा है। मुलाकात के माध्यम से एक मैसेज देने की कोशिश भी है, क्योंकि लंबे अर्से के बाद दोनों नेता एक दूसरे से मिले हैं। खासकर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली हार से एनडीए कार्यकर्ताओं में मायूसी है।