राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ओडिशा पहुंचीं। इस दौरान वह कटक और गंजाम जिलों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति दोपहर में भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तथा अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने किया।
हवाई अड्डे से राष्ट्रपति पहले राजभवन पहुंचीं। इसके बाद वह कटक रवाना हुईं, जहां उन्होंने जगद्गुरु कृपालु विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को भुवनेश्वर से ट्रेन द्वारा ब्रह्मपुर जाएंगी। वहां से वह सड़क मार्ग के जरिए गंजाम जिले के सानखेमुंडी ब्लॉक स्थित तप्तपानी पहुंचेंगी। यहां वह मां कंधुनी देवी मंदिर और शिव मंदिर में दर्शन एवं आरती करेंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति गोलबंध स्थित आर्मी एयर डिफेंस (एडी) कॉलेज में रात्रि विश्राम करेंगी। तीन दिवसीय ओडिशा दौरे के समापन के बाद वह पांच अगस्त को नई दिल्ली लौटेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।