बिहार में शराब तस्करी का भंडाफोड़, एसएसबी जवान समेत दो गिरफ्तार

  • Aug 03, 2026
Khabar East:Liquor-smuggling-racket-busted-in-Bihar-two-arrested-including-an-SSB-jawan
अररिया,03 अगस्तः

बिहार के अररिया में सिमराहा थाना पुलिस और एंटी लिकर टास्क फोर्स (ALTF) ने अवैध शराब के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने एक कार से 225.075 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस दौरान टीम ने एसएसबी के एक जवान समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सिमराहा पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार संख्या BR06BU-9873 से विदेशी शराब की बड़ी खेप एनएच-27 के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती के नेतृत्व में सिमराहा पुलिस और एएलटीएफ टीम ने पोठिया मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पोठिया कट के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार में 21 कार्टन में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 225.075 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारबिसगंज के आलम टोला निवासी तनवीर आलम (32) और बंगाली टोला निवासी रोहित कुमार (34) के रूप में हुई है।

 पुलिस के अनुसार तनवीर आलम वर्तमान में किशनगंज स्थित 12वीं बटालियन एसएसबी में जवान के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने आगे बताया कि कार रोहित कुमार चला रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और दो डायरी भी जब्त की है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है

Author Image

Khabar East

  • Tags: