पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन

  • Nov 21, 2026
Khabar East:PM-Modi-inaugurates-Nitish-Setu
वैशाली,21 नवंबरः

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। वहीं इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 21 विभागों की कुल 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं की कुल लागत 34,470 करोड़ रुपये से अधिक है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं को बिहार के विकास, आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद पुल पर टहलते हुए गमछा लहराया और वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने हाथ हिलाकर और गमछा लहराकर जनसमूह का अभिवादन किया। उनके साथ कार में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। उनके पहुंचते ही लोगों में उत्साह देखने को मिला और भीड़ ने जोरदार स्वागत किया।

 इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम बंगाल में कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए। उससे पहले कई एनडीए नेताओं ने हवाई अड्डे पर पीएम का स्वागत किया। गौरतलब है कि एनडीए नेताओं में सबसे आगे नीतीश कुमार थे। दोनों नेताओं के बीच लगभग 2 मिनट तक बातचीत हुई। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा 'पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।'

Author Image

Khabar East

  • Tags: