ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) सुशील कुमार लोहानी ने गुरुवार को कहा कि मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया में शामिल होने से पहले पिपिली उपचुनाव के लिए अनिवार्य रूप से कोविड-19 टीकों की दो खुराक लेनी होगी।
सीईओ ने इस संबंध में पुरी जिला कलेक्टर को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पिपिली विधानसभा क्षेत्र के 438 बूथों पर चयनित 1700 से अधिक मतदान अधिकारियों को उपचुनाव ड्यूटी में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनमें से कोई भी दो- डोज कोविड -19 वैक्सीन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में विफल रहा तो उसे ड्यूटी में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
लोहानी ने बताया कि कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आगामी पिपिली उपचुनाव के लिए मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 75 कर दी गई है।
तय कार्यक्रम के अनुसार पिपिली विधानसभा क्षेत्र में 30 सितंबर को उपचुनाव होगा और तीन अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। मौजूदा विधायक प्रदीप महारथी के निधन के कारण पिपिली विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव कराना पड़ रहा है।