श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) पुरी में तीर्थयात्रियों के लिए एक नया भक्त निवास बनाएगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रस्तावित अतिथि गृह का नाम ‘पतितपावन भक्त निवास’ रखा जाएगा। इसका निर्माण नीलाद्रि भक्त निवास के पीछे स्थित जमीन पर किया जाएगा। एसजेटीए के मुख्य प्रशासक अरबिंद कुमार पाढ़ी ने बताया कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का अनुरोध करते हुए कार्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखा गया है।
एसजेटीए ने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से ‘अबढा (ABADHA) योजना’ के तहत धनराशि की भी मांग की है। इस प्रस्ताव को पहले ही गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव की अध्यक्षता वाली श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति से मंजूरी मिल चुकी है।
नए भक्त निवास में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉन्फ्रेंस हॉल (कल्याण मंडप) और एक डिस्पेंसरी भी होगी। बयान के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण राज्य सरकार के उपक्रम ओडिशा ब्रिज एंड कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओबीसीसी) द्वारा कराया जाएगा।
वर्तमान में मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए नीलाद्रि, नीलाचल, श्रीगुंडिचा और पुरुषोत्तम भक्त निवास नाम से चार अतिथि गृह संचालित करता है।