भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर इलाके में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पर्वतारोही की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर बैठे एक बैल से टकरा गई। हादसे में बैल के सींग उनकी गर्दन में घुस गए। मृतक की पहचान केंदुझर जिले के भागामुंडा पंचायत निवासी जगन्नाथ महांत के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, महांत भुवनेश्वर की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करते थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें सड़क पर एक बैल बैठा दिखाई दिया। उन्होंने बाइक में ब्रेक लगाया, लेकिन नियंत्रण खो बैठे और बाइक समेत बैल से जा टकराए। इस दौरान बैल के सींग उनकी गर्दन में घुस गए।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बैल के सींग गर्दन में घुसने से महांत को गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। टक्कर के बाद वह और उनकी बाइक कुछ दूर जा गिरे, जिससे सिर में भी गहरी चोट आई।
स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें बचाया और पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद चंद्रशेखरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। शनिवार को कैपिटल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।