पश्चिम बंगाल में आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज की घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे स्वतंत्र भारत में बंगाल का “सबसे काला अध्याय” करार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है। शुभेंदु अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आर.जी. कर बलात्कार मामला स्वतंत्र भारत में पश्चिम बंगाल का सबसे काला अध्याय है।” उन्होंने पोस्ट की शुरुआत और अंत में #हमें_न्याय_चाहिए लिखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की। उनके इस पोस्ट को पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय ने भी साझा किया है।
पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय ने आरोप लगाया कि आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज की पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पीड़िता अभया के माता-पिता हर दिन अदालत के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सरकार चुप है। इस बीच, मुख्यमंत्री ने सरकारी डॉक्टरों के वेतन में वृद्धि की घोषणा की, जिसे उन्होंने डॉक्टरों के आंदोलन को कमजोर करने की “सुनियोजित योजना” करार दिया है।