बिहार के कई जिलों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट

  • May 09, 2024
Khabar East:Rain-alert-issued-in-many-districts-of-Bihar
पटना,09 मईः

झारखंड व पश्चिम बंगाल के आसपास बने चक्रवातीय परिसंचरण के क्षेत्र के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रही नमी युक्त पुरवा हवा के कारण प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ छिटपुट वर्षा से मौसम सामान्य बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 13 मई तक मौसम का यह रुख बरकरार रहेगा।

 ऐसे में 13 मई को चौथे चरण में होने वाले मतदान के दिन लोगों को मौसम का साथ मिलेगा। मुंगेर, उजियारपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर व दरभंगा में होने वाले मतदान के लिए आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा के आसार है। गुरुवार को राजधानी समेत प्रदेश के दक्षिणी भागों में 40-50 किमी प्रतिघंटा व उत्तरी भागों के 19 जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार के साथ आंधी-पानी, वज्रपात को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 दक्षिण भागों की तुलना में उत्तरी भागों में अधिक वर्षा के आसार है। बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों में वर्षा के कारण मौसम सामान्य होने के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को पांच डिग्री गिरावट के साथ पटना का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 37.4 डिग्री के साथ बक्सर प्रदेश का गर्म स्थान रहा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: