वैशाली में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, 11 खोखे बरामद

  • Sep 13, 2026
Khabar East:Rapid-fire-shooting-at-BJYM-district-presidents-house-in-Vaishali-11-spent-cartridges-recovered
वैशाली,13 सितंबरः

बिहार के वैशाली जिले में भाजयुमो जिलाध्यक्ष व हिंदू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के घर पर हमला हुआ है। शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत रही कि इस हमले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। यह घटना वैशाली जिले के अदलपुर गांव में हुई। बताया गया कि यहां 'हिंदू पुत्र संगठन' के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के सामने अज्ञात अपराधियों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोलियों के निशान घर के मुख्य गेट और खिड़कियों पर मिले हैं।

इस संबंध में राजीव ब्रह्मर्षि ने कहा कि रात नौ बजे के करीब की घटना है। संगठन से जुड़े आदित्य ने दरवाजा खटखटाया। गेट खोलने के लिए एक शख्स जैसे ही पहुंचा। दो लोग घर के अंदर घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। बेडरूम तक फायरिंग की गई। मुझे जान से मार देने की पूरी प्लानिंग थी। मेरा एक कार्यकर्ता बाल-बाल बच गया। सीसीटीवी में सब कुछ आ गया है। पुलिस ने 11 खोखा बरामद किया है।

 देर रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 11 खोखे बरामद किए हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा खुद भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाल ली।

एसएसपी की निगरानी में पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे अपराधियों की मंशा क्या थी, इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: