सुरक्षा तैयारियों को परखने पुरी पुलिस ने किया मेगा मॉक ड्रिल

  • Jul 07, 2026
Khabar East:Rath-Yatra-2026-Puri-Police-Conduct-Mega-Mock-Drill-To-Test-Security-Preparedness
भुवनेश्वर,07 जुलाईः

वार्षिक रथ यात्रा से पहले पुरी पुलिस ने मंगलवार को पुरी रेलवे स्टेशन और शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर मेगा मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा तैयारियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का परीक्षण किया। 16 जुलाई को होने वाली रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह अभ्यास किया गया।

इस व्यापक मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच समन्वय की जांच करना तथा किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी को परखना था।

मॉक ड्रिल में स्पेशल टैक्टिकल यूनिट (एसटीयू), बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, अग्निशमन सेवा, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओड्राफ), चिकित्सा दल और जिला पुलिस सहित कई एजेंसियों ने भाग लिया।

पुरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। हमारा ध्यान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियां तैयार कर यह परखा जा रहा है कि हमारी टीमें संकट की स्थिति में कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से लोगों की सुरक्षा कर सकती हैं।"

 एसपी ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न टीमों की वास्तविक समय में प्रतिक्रिया, उनके रिस्पांस टाइम और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का आकलन करना है।

 उन्होंने कहा कि स्पेशल टैक्टिकल यूनिट गंभीर परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित बल है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, अग्निशमन सेवा, ओड्राफ, चिकित्सा दल और जिला पुलिस भी इस अभ्यास में शामिल हैं। हम उनकी प्रतिक्रिया का विश्लेषण कर उन क्षेत्रों की पहचान कर रहे हैं, जहां और सुधार की जरूरत है।

 रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं की सहायता और त्वरित शिकायत निवारण की भी विशेष व्यवस्था की है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु 112 डायल कर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।

एसपी ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुरी के विभिन्न स्थानों पर करीब 90 हेल्प डेस्क-सह-सूचना केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी शिकायतों और समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

 रथ यात्रा की समग्र सुरक्षा तैयारियों पर उन्होंने कहा कि इसकी योजना जनवरी 2026 से ही शुरू हो गई थी। पहली तैयारी बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जनवरी में आयोजित की गई थी, जिसके बाद विभिन्न स्तरों पर लगातार समीक्षा बैठकें होती रही हैं।

उन्होंने कहा कि रथ यात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। यह मॉक ड्रिल हमारी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा सुरक्षित एवं सुचारु रथ यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: