पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर पुरी बीच पर एक विशेष रेत कला (सैंड आर्ट) बनाई है।
पटनायक ने सोशल मीडिया पर इस कलाकृति को साझा करते हुए लिखा, “राष्ट्र के प्रति सेवा, नेतृत्व और समर्पण के 25 वर्ष। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई। ओडिशा के पुरी बीच पर बनाई गई मेरी यह सैंड आर्ट उनकी इस उल्लेखनीय यात्रा और ‘विकसित भारत’ के विजन को समर्पित एक विनम्र श्रद्धांजलि है।”
इस रेत कला में प्रधानमंत्री मोदी को हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए दर्शाया गया है। साथ ही इसमें ‘25 YEARS Of Public Service’ और ‘The Spirit of Service, Modi Ji’s Vision for Viksit Bharat’ जैसे संदेश लिखे गए हैं।
पुरी बीच पर बनाई गई इस कलाकृति को पर्यटकों और सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से भी सराहना मिल रही है।