विभिन्न जिलों में व्यापक फील्ड सत्यापन के बाद राज्य सरकार ने 21,329 अपात्र राशन कार्ड को सूची से हटा दिया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने यह जानकारी दी। हटाए गए राशन कार्डों को तीन श्रेणियों- एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम), आयकरदाता और मृत्यु मामलों- के आधार पर चिन्हित किया गया। मंत्री का यह जवाब विधायक अश्विनी कुमार पात्र द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दिया गया।
मंत्री द्वारा साझा आंकड़ों के अनुसार, एचआरएमएस श्रेणी के तहत 21,329 राशन कार्ड और 76,467 परिवार के सदस्य सूची से हटाए गए। वहीं आयकर से संबंधित अपात्रता के कारण 13,735 राशन कार्ड और 49,897 परिवार के सदस्य बाहर किए गए। इसके अलावा मृत्यु मामलों के कारण 7,80,341 व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए गए।
दूसरी ओर, पात्र नागरिकों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्राप्त 17,56,873 आवेदनों में से सत्यापन के बाद 5,07,637 परिवारों और 10,05,121 सदस्यों को खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम में शामिल किया गया।
हालांकि, 8,65,228 आवेदन अपात्र पाए जाने के कारण खारिज कर दिए गए, जबकि 3,84,008 आवेदन अभी भी सत्यापन प्रक्रिया में हैं।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि सरकार राशन कार्ड और खाद्य सुरक्षा लाभों के वितरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।