कुख्यात माओवादी सुकुरू ने किया आत्मसमर्पण, अब बचे हैं केवल 8-9 नक्सली

  • Mar 25, 2026
Khabar East:Decisive-Stage-Of-Anti-Naxal-Fight-Sukru-Formally-Surrenders-Only-8-9-Maoists-Left
फुलबानी,25 मार्चः

ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात माओवादी नेता कासा सोढ़ी उर्फ सुकुरू ने आखिरकार कंधमाल पुलिस के समक्ष एक विशेष कार्यक्रम में औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सल विरोधी अभियान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) संजीव पंडा, जिला एसपी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुकुरू और उसके चार सहयोगियों का फूलों के गुलदस्तों से स्वागत किया।

करीब 20 वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय और सीपीआई (माओवादी) राज्य समिति के सदस्य रहे सुकुरू ने चार अन्य माओवादियों के साथ हथियार डाल दिए। आत्मसमर्पण के दौरान उसने एक एके-47 राइफल और चार अन्य हथियार पुलिस को सौंपे।

सरकारी नीति के अनुसार सुकुरू को 55 लाख रुपये का इनाम मिलेगा, जबकि उसके सहयोगियों को कुल 66 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही उन्हें पुनर्वास संबंधी सभी सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

 आत्मसमर्पण के बाद एडीजी संजीव पंडा ने कहा कि नक्सल विरोधी लड़ाई अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि लंबे संघर्ष में अब तक 239 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। इस घटनाक्रम के बाद कंधमाल जिले में अब केवल 8-9 माओवादी ही सक्रिय बचे हैं और क्षेत्र में कोई बड़ा माओवादी नेता सक्रिय नहीं है।

 उन्होंने शेष माओवादियों से अगले 31 मार्च के भीतर आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता का आश्वासन दिया।

पंडा ने कहा कि माओवादी समस्या को समाप्त करने की समय-सीमा नजदीक आने के साथ हमारे अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने 31 मार्च की समय-सीमा से पहले हथियार डालने का आह्वान किया।

 सुकुरू मूल रूप से मलकानगिरि का रहने वाला था, लेकिन उसकी गतिविधियां मुख्य रूप से कंधमाल जिले में केंद्रित थीं। वह केकेबीएन (कंधमाल-कालाहांडी-बौध-नयागढ़) और बीजीएन संगठनों से जुड़ा हुआ था।

 पिछले कुछ दिनों से उसे पकड़ने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस आत्मसमर्पण को क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका और वामपंथी उग्रवाद को समाप्त करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: