नंदीग्राम से भाजपा ने चंद्रनाथ रथ की मां को बनाया उम्मीदवार

  • Sep 15, 2026
Khabar East:The-BJP-has-fielded-Chandranath-Raths-mother-as-its-candidate-from-Nandigram
कोलकाता,15 सितंबरः

पश्चिम बंगाल के पूर्व मिदनापुर और मुर्शिदाबाद जिले के नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा केंद्रों में उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। दोनों विधानसभा केंद्रों में छह अक्टूबर को उपचुनाव होंगे। यह उपचुनाव एक महामुकाबला बन चुका है। भाजपा ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे पहले तृणमूल के कालीघाट गुट के साथ-साथ बागी गुट ने भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं दूसरी बार कांग्रेस ने भी दोनों विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है।

 नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने हासीरानी रथ को टिकट दिया है। वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं, जिनकी विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के कुछ दिन बाद ही निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। वहीं रेजिनगर सीट से भाजपा ने शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया है।

  भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नंदीग्राम सीट के लिए पार्टी में कई नामों की चर्चाएं हुई थी। जिन नामों पर इस सीट के लिए चर्चाएं की गई थी उनमें हासीरानी रथ के अलावा, भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिला महासचिव मेघनाद पाल, उपाध्यक्ष प्रलय पाल, उपाध्यक्ष अंजन भारती और भाजपा के राज्य समिति के सदस्य साहेब दास शामिल थे। विचार-विमर्श के बाद आखिर में चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ के नाम पर मुहर लगा दी गई।

Author Image

Khabar East

  • Tags: