ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने राज्य में रसोई गैस की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रवर्तन टीमों ने पूरे ओडिशा में 3,838 स्थानों पर छापेमारी और जांच की। इस दौरान कुल 8,457 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग ने 47 एफआईआर दर्ज करने के साथ आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट के तहत 498 मामले शुरू किए हैं। अवैध गतिविधियों के सिलसिले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को कालाबाजारी में बेचने के इरादे से अवैध रूप से जमा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वास्तविक उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और सब्सिडी वाले रसोई गैस के उचित वितरण को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।