पटना में 14 मई को रहेगा 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट

  • May 12, 2026
Khabar East:There-will-be-a-15-minute-blackout-in-Patna-on-May-14
पटना,12 मईः

आगामी गुरुवार यानी 14 मई को पटना में ब्लैकआउट होने वाला है। पटना के डीएम त्यागराजन एसएम ने इसकी जानकारी दी है। कहा गया है कि शाम 7 बजे से लेकर 7:15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट/मॉकड्रिल का आयोजन होगा। मतलब 15 मिनट तक शहर में अंधेरा छा जाएगा। जिलाधिकारी का कहना है कि इसमें हवाई हमले से बचाव के लिए नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। लोगों से अपील है कि निर्धारित समय पर अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान की सभी लाइट बंद रखें। डीएम ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर इस मॉकड्रिल की त्रुटिहीन तैयारी करने का निदेश दिया है।

 डीएम त्यागराजन एसएम ने आम लोगों से अपील की है कि पैनिक एकदम न हों। यह मॉकड्रिल हवाई हमला की वास्तविक स्थिति में तंत्र की प्रभावशीलता के परीक्षण के लिए सरकार के आदेश के अनुसार एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। वास्तविक तौर पर किसी तरह की हमला की स्थिति नहीं है। यह केवल मॉकड्रिल है। जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा निदेशालय के द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पटना शहरी क्षेत्रों जैसे पटना नगर निगम एवं नगर परिषदों, दानापुर निजामत, खगौल तथा फुलवारीशरीफ में मॉकड्रिल/ब्लैकआउट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न कोषांग क्रियाशील है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: