चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद हुई भारी बारिश के कारण कंधमाल जिले के रायिकिया ब्लॉक के अंतर्गत डांगेसी गांव में भूस्खलन की घटना हुई। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें नौ महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
मृतकों की पहचान अच्युत प्रधान, उनकी पत्नी अनिशा प्रधान और उनके नौ महीने के बच्चे के रूप में हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को पास की एक पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण परिवार का मकान उसकी चपेट में आकर दब गया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे और मलबे में दब गए।
ओडिशा के पंचायती राज मंत्री रवि नारायण नायक ने इन मौतों की पुष्टि की है। वह कंधमाल जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं।
इस बीच, घटना के बाद गांव के कई अन्य लोगों के भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आपदा के व्यापक असर को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, मलबे में दबे या लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।