छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के मोर्चे पर अच्छी खबर है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इस सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल के साथ चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी शामिल होंगे। समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में शहरों की सफाई व्यवस्था का मूल्यांकन करने के तरीके में बदलाव किया गया है। इस बार नागरिकों की भागीदारी को पहले से ज्यादा महत्व दिया गया है। लोगों के फीडबैक का वेटेज बढ़ाया गया है, ताकि शहरों की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन केवल सरकारी दावों या निरीक्षण के आधार पर नहीं, बल्कि आम नागरिकों के अनुभव के आधार पर भी हो सके। नागरिक ऐप, पोर्टल और क्यूआर कोड के जरिए पूरे साल अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इससे सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को लेकर लोगों की राय सर्वेक्षण का हिस्सा बनेगी।
इस बार सर्वेक्षण के लिए देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं की तैनाती के जरिए 45 दिनों का मैदानी सर्वेक्षण निर्धारित किया गया है। शहरों में स्वच्छता से जुड़े इंतजामों की जांच और उनके दावों के सत्यापन के लिए GPS आधारित डिजिटल निगरानी व्यवस्था भी अपनाई गई है। इस प्रक्रिया के तहत शहरों की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कामों का जमीनी स्तर पर आकलन किया जाएगा। नागरिकों की प्रतिक्रिया और मैदानी निरीक्षण को महत्व देने से नगरीय निकायों की जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश की गई है।