नाबालिग से रेप व हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

  • Nov 09, 2026
Khabar East:Accused-in-rape-and-murder-of-a-minor-killed-in-police-encounter
कोलकाता,09 नवंबरः

उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत के मामले में अब एनकाउंटर की खबर सामने आई है। कुलिक फॉरेस्ट से लड़की का सड़ा-गला शव मिलने के कुछ दिन बाद ही आरोपी दिलीप राय की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई। पिछले सप्ताह उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में एक नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई थी। परिवार के मुताबिक, वह शाम को साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद कुलिक फॉरेस्ट के पास जंगल से उसका सड़ा-गला शव बरामद हुआ। परिवार ने आरोप लगाया था कि लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई। घटना की जांच रायगंज थाने की पुलिस ने शुरू की। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 140(3), 103(1) और 238 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने लड़की की आखिरी गतिविधियों और उसकी साइकिल जहां मिली थी, उस जगह की भी जांच शुरू की।

 पुलिस के मुताबिक, नौ नवंबर की सुबह सूचना मिली कि आरोपी दिलीप राय गौरी ग्राम पंचायत के पास छिपा हुआ है। इसके बाद सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस ने वहां छापेमारी की। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने भागने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दिलीप घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार सीमा के रास्ते दूसरे राज्य में भागने की फिराक में था। उसके शव का पोस्टमार्टम रायगंज मेडिकल कॉलेज में होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: