दीपावली के बाद भुवनेश्वर की हवा हुई जहरीली

  • Nov 09, 2026
Khabar East:Post-Diwali-Pollution-Spike-Bhubaneswar-Stations-Record-Severe-AQI-Levels
भुवनेश्वर,09 नवंबरः

दीपावली के जश्न के बाद ओडिशा में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। सोमवार को राज्य के कई निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ और ‘अस्वास्थ्यकर’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

वायु गुणवत्ता सूचकांक ऐप के रियल-टाइम आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 288 एक्यूआई केंदुझर के बिलेइपदा में दर्ज किया गया। इसके बाद तालचेर में 266 और भुवनेश्वर में 207 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन स्थानों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से लेकर ‘गंभीर’ श्रेणी तक पहुंच गई।

राजधानी भुवनेश्वर में लिंगराज मंदिर स्थित निगरानी केंद्र पर एक्यूआई 242 दर्ज किया गया, जबकि पाटिया में PM2.5 का स्तर काफी अधिक रहा। वहीं, पिछली रात लिंगराज इलाके में PM10 का स्तर 500 तक पहुंच गया था।

 कटक, बारीपदा, बालेश्वर और बड़बिल जैसे अन्य शहरों में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। भुवनेश्वर के विभिन्न इलाकों से मिले आंकड़ों के अनुसार, एजे कॉलोनी में एक्यूआई 214, जगमार में 205, हंसपाल में 210, पटिया में 196, बापूजी नगर में 208, बीजेबी नगर में 209, चिंतामणिश्वर इलाके में 211 और लक्ष्मीसागर में 199 दर्ज किया गया।

 दीपावली की रात देर तक बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े जाने के बाद भुवनेश्वर के कई इलाकों में धुएं और धुंध की मोटी परत छा गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दृश्यता काफी कम हो गई थी और कुछ मीटर आगे देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। लोगों ने बताया कि दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के बावजूद घरों के अंदर धुआं भर गया। कई लोगों ने सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत भी की।

 एक्यूआई का स्तर 50 से नीचे रहने पर वायु गुणवत्ता को ‘अच्छा’ माना जाता है, जबकि 200 से अधिक का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे अधिक स्तर पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा पैदा करती है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है।

 भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी), ओडिशा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य एजेंसियों की ओर से जागरूकता अभियान चलाने तथा नियमों को लागू करने के प्रयासों के बावजूद दीपावली के बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: