बिहार में कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत दनियालपुर कुरुई गांव में खेत में काम कर रही महिलाओं पर सोमवार को अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गईं। गांव में मातम का माहौल है। मृतकों में कुमारी देवी (पति मनोज राम), प्रेमशिला देवी (पति मदन राम), मांग्री देवी (पति अशोक राम) की मौत हो गई। वहीं मीरा देवी (पति रोहित राम), जानकी देवी (पति हरिश्चंद्र) ,कुंती देवी (पति श्रीराम), गीता देवी (पति मदन राम) घायल हो गई है। सभी महिलाएं एक ही गांव की बताई जा रही हैं। ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायलों को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चार महिलाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पार्षद गीता पासी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली से तीन महिलाओं की मौत और कई घायल होना बेहद दुखद है। मैं सरकार से मांग करती हूं कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आपदा राहत राशि और मुआवजा दिया जाए। मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है और पांच घायल हैं। मृतकों के शव को भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।