छत्तीसगढ़ में पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति के मामले को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। इस संबंध में राज्य सरकार के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वह डीजीपी के पद पर नियुक्ति के संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी की गई नियुक्ति अधिसूचना की एक प्रति भेजे या एक जवाब प्रस्तुत करे, जिसमें देरी का कारण, या सर्वोच्च न्यायालय के जून 2018 के उपरोक्त आदेश का पालन न करने का कारण स्पष्ट किया गया हो। इस आदेश में अन्य बातों के साथ-साथ, राज्य सरकार को यह निर्देश दिया गया था कि वह संघ लोक सेवा आयोग द्वारा तैयार किए गए पैनल में से किसी एक व्यक्ति को नियुक्त करे। नियुक्ति की वर्तमान स्थिति भारत के सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जानी है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार पिंगुआ को भी संबोधित किया गया है।
यूपीएससी द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है, छत्तीसगढ़ में डीजीपी (पुलिस बल के प्रमुख) के पद पर नियुक्ति के संबंध में 13 मई 2025 को आयोजित पैनल चयन समिति की बैठक में डीजीपी के पद पर नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने के बाद, आयोग ने नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने के बाद, आयोग ने ईसीएम की कार्यवाही मिनिट्स की एक प्रति छत्तीसगढ़ सरकार को इस अनुरोध के साथ भेजी थी कि वे डीजीपी की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना की एक प्रति भेजें। हालांकि नियुक्ति की अधिसूचना की एक प्रति राज्य सरकार से अभी भी प्रतीक्षित है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में अरुण देव गौतम डीजीपी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति पूर्णकालिक नहीं है।