भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अपने एक दिवसीय ओडिशा दौरे पर सोमवार सुबह भुवनेश्वर पहुंचे। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस दौरान ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी और अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों ने एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति भुवनेश्वर के मेफेयर सैंक्चुरी कन्वेंशन हॉल में 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमों, प्रक्रियाओं और सदन की कार्यवाही से परिचित कराना है। इसमें विधायी प्रक्रियाओं और समिति प्रणाली की जानकारी भी दी जाएगी।
यह अभिमुखीकरण कार्यक्रम इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि 17वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होने वाला है। आगामी सत्र पर चर्चा के लिए 17 नवंबर को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है।
भुवनेश्वर में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपराष्ट्रपति कटक जाएंगे। वहां वह श्री श्री विश्वविद्यालय के नए आइकॉनिक टावर (शैक्षणिक भवन) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर में विशेष विमान से उनके नई दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।