उफनते नाले में बहा ग्रामीण, 48 घंटे बाद मिला शव

  • Jul 08, 2026
Khabar East:Villager-swept-away-in-overflowing-drain-body-found-after-48-hours
कोरबा,08 जुलाईः

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा में सोमवार को ग्रामीण बंधु लोहार मछली पकड़ने के दौरान उफनते नाले में बह गया था। घटना के बाद परिजनों के काफी ढूंढने के बाद भी कुछ पता नहीं चला। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू की चुनौती भी बढ़ गई थी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 48 घंटे बाद शव को बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, डिंडोलभाठा गांव के पास नाले में 52 साल का बंधु लोहार सोमवार को मछली पकड़ने के लिए गया। इस दौरान अचानाक पानी का बहाव तेज हो गया। संभलने का मौका मिलता उससे पहले ग्रामीण बह गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ढूंढना शुरू किया। अगले दिन सुबह पुलिस को जानकारी दी गई।

 सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही थी। मौक पर रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने मंगलवार को दिनभर नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज होने की वजह से सर्चिंग रोकनी पड़ी। यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है। लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ।

 बुधवार सुबह दोबारा एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: