भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल के दो प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर दो मई को फिर से वोट डालने का फैसला किया है। यह कदम जिला स्तर पर मतदान केंद्र-वार रिपोर्टों और शिकायतों की जांच के बाद उठाया गया है। सभी बूथ दक्षिण 24 परगना ज़िले के अंतर्गत आते हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर फिर से वोटिंग होगी। इसके अलावा, डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर भी भारी शिकायतों के मद्देनजर दोबारा वोट डाले जाएंगे।
चुनाव आयोग ने कहा है कि वोटिंग के दौरान मिली धांधली की शिकायतों और स्क्रूटनी के आधार पर यह फैसला लिया गया है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता बनी रहे।
चुनाव आयोग ने मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया। निर्वाचन आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत 29 अप्रैल 2026 को इन बूथों पर हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया है। आयोग के मुताबिक, संबंधित मतदान केंद्रों पर 2 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नए सिरे से मतदान कराया जाएगा।